सरायपाली:मातृ वंदना योजना ने बदली सुबलाया की कहानी, एनीमिया से उबरीं और स्वस्थ बेटे को दिया जन्म पढ़े पूरी खबर

सरायपाली। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए पोषण और स्वास्थ्य देखभाल में महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा दिया जा रहा है। महासमुन्द जिले के सरायपाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम रूढ़ा की श्रीमती सुबलाया चौहान को भी इस योजना का लाभ मिला।
गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य जांच के लिए सुबलाया आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं। प्रथम जांच में उनका हीमोग्लोबिन स्तर काफी कम पाया गया और वे एनीमिया से पीड़ित थीं। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती उषा भोई ने गृह भेंट कर सुबलाया और उनके परिजनों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी। कार्यकर्ता ने उनका आवेदन तैयार कर ऑनलाइन प्रविष्टि कराई।
आवेदन के करीब एक माह के भीतर योजना की पहली किस्त के रूप में 3 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में प्राप्त हुए। सुबलाया ने इस राशि का उपयोग अपने और गर्भस्थ शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार एवं आवश्यक पोषण सामग्री जुटाने में किया। साथ ही उन्होंने नियमित एएनसी जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी प्राप्त कीं।
नियमित स्वास्थ्य जांच, पौष्टिक आहार और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मार्गदर्शन का सकारात्मक परिणाम सामने आया। गर्भावस्था के अंतिम चरण तक सुबलाया का हीमोग्लोबिन स्तर 8 ग्राम से बढ़कर 11 ग्राम हो गया। इसके बाद उन्होंने सुरक्षित प्रसव के दौरान 3.5 किलोग्राम वजन के स्वस्थ बालक को जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों स्वस्थ रहे।
सुबलाया चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिली आर्थिक सहायता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मार्गदर्शन ने गर्भावस्था के दौरान काफी मदद की। उन्होंने योजना से मिले सहयोग के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।






























