सरायपाली:बैदपाली कन्या आश्रम की छात्राओं को मिली स्पोर्ट्स ड्रेस व शैक्षणिक सामग्री

सरायपाली। संकुल केंद्र बैदपाली के अंतर्गत शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम शाला बैदपाली में नवप्रवेशी छात्राओं को स्पोर्ट्स ड्रेस एवं शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। शनिवार के बैगलेस डे की गतिविधियों के लिए विद्यार्थियों को स्पोर्ट्स ड्रेस प्रदान करते हुए संकुल केंद्र के नोडल प्राचार्य भोग सिंह भोई ने नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को पहाड़ा, कलम एवं चॉकलेट भी वितरित किए गए। नोडल प्राचार्य भोई ने घोषणा की कि 15 अगस्त तक सर्वाधिक पहाड़े एवं धारा प्रवाह पढ़कर सुनाने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। घोषणा से छात्राओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर संकुल समन्वयक पालसिंह बंजारे, गीता दीवान एवं लक्ष्मी दीवान सहित आश्रम शाला के कर्मचारी उपस्थित रहे। संकुल समन्वयक बंजारे ने इस स्नेहपूर्ण पहल एवं सहयोग के लिए शाला परिवार की ओर से नोडल प्राचार्य भोग सिंह भोई के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्पोर्ट्स ड्रेस एवं शैक्षणिक सामग्री पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिवार ने इस पहल को विद्यार्थियों में पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाने वाली पहल बताया।






























