सरायपाली:प्रतिभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन में विधिक साक्षरता शिविर, विद्यार्थियों को कानून की दी जानकारी

सरायपाली। प्रतिभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बालसी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 30 सितंबर को एक दिवसीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट, यातायात नियमों, साइबर अपराध सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुटुंब न्यायालय महासमुंद के न्यायाधीश एवं लिंक कोर्ट सरायपाली के श्री प्रफुल्ल कुमार सोनवानी तथा विशिष्ट अतिथि प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सरायपाली श्रीमती वंदना दीपक देवांगन एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट कनिष्ठ श्रेणी सरायपाली कु. प्रगति गुर्दे उपस्थित रहीं। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य आर.के. चौधरी ने की।
न्यायिक मजिस्ट्रेट कु. प्रगति गुर्दे ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों, सामान्य कानूनों तथा सुलभ न्याय व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। वहीं श्रीमती वंदना दीपक देवांगन ने पोक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बालकों की सुरक्षा को समाज की जिम्मेदारी बताया। उन्होंने भावी शिक्षकों से विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने तथा बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि श्री प्रफुल्ल कुमार सोनवानी ने यातायात नियमों का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सीधे जीवन की सुरक्षा से जुड़ी है। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल, ओटीपी एवं पासवर्ड साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य आर.के. चौधरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक बनाने के साथ उनके दृष्टिकोण को भी व्यापक बनाते हैं। शिविर में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ सहित बी.एड. एवं डी.एल.एड. के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






























