सांकरा :ओडिशा ले जाए जा रहे 13 मवेशी, तीन के खिलाफ केस दर्ज

महासमुंद। जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में 13 नग गाय, बैल और बछड़ों की कथित तस्करी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना सांकरा में पदस्थ पुलिस कर्मचारी की रिपोर्ट पर ग्राम सांकरा निवासी तेजकुमार राणा द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 24 जुलाई को लगभग सुबह 11:30 बजे सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति 13 नग गाय, बैल और बछड़ों को पिरदा की ओर से सांकरा स्थित विधायक कार्यालय के सामने वाले मार्ग से क्रूरतापूर्वक हांकते हुए ओडिशा के कथित कत्लखाने की ओर ले जा रहे हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि सूचना मिलने पर तेजकुमार राणा एवं उनके साथियों ने मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की, जिस दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत थाना सांकरा में दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। मामले की जांच जारी है।































