तेदुकोना:खेत में धान कटाई को लेकर भिड़े परिजन, तीन महिलाएं हुईं मारपीट की शिकार

तेन्दुकोना। महासमुंद जिले के तेन्दुकोना थाना क्षेत्र के ग्राम भुरकोनी में खेत में धान की कटाई को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला और उसकी दो बहनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता पार्वती साहू की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पार्वती साहू (50 वर्ष) ने शिकायत में बताया कि 26 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी बड़ी बहन बुधयारिन साहू और बहन राधाबाई साहू के साथ ग्राम भुरकोनी स्थित अमरई खार के खेत की देखरेख करने गई थीं। इसी दौरान उनके बड़े भाई श्रीराम साहू, उनके बेटे मोरध्वज साहू, जितेंद्र साहू और श्रीराम की बहू हेमबाई साहू खेत में पहुंचे। वे खेत में लगी धान की फसल काटना चाह रहे थे।
पार्वती साहू के अनुसार, उन्होंने खेत को अपने पिता के हक का बताते हुए धान काटने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि श्रीराम साहू, मोरध्वज साहू, जितेंद्र साहू और हेमबाई साहू ने एकजुट होकर गाली-गलौज की और पार्वती साहू, बुधयारिन साहू तथा राधाबाई साहू के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। शिकायत में पार्वती साहू ने अपनी पीठ और हाथों में दर्द होने की बात कही है।
घटना के दौरान रेसकुमारी साहू और उनके पिता कलानाथ साहू के मौके पर मौजूद रहने तथा बीच-बचाव करने की जानकारी भी दी गई है।
पीड़िता की शिकायत पर तेन्दुकोना पुलिस ने श्रीराम साहू, मोरध्वज साहू, जितेंद्र साहू और हेमबाई साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।































