तेदुकोना:दुर्गा चंदा के हिसाब को लेकर विवाद, महिला से मारपीट

तेन्दुकोना। महासमुंद जिले के तेन्दुकोना थाना क्षेत्र के ग्राम भुरकोनी में दुर्गा चंदा के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता यशोदा भोई की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भुरकोनी निवासी यशोदा भोई (55 वर्ष) गांव के महिला समूह की सदस्य हैं। उनकी शिकायत के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे दुर्गा चौक गौठान में दुर्गा चंदा के हिसाब-किताब को लेकर बैठक चल रही थी। इसी दौरान गांव के लखन डडसेना और उसके पुत्र बालेश डडसेना व आकाश डडसेना वहां पहुंचे और हिसाब-किताब की बात को लेकर हंगामा करने लगे।
यशोदा भोई ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि तीनों ने एकजुट होकर उनके साथ गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के कारण महिला की पीठ और दोनों हाथों में दर्द होने की बात शिकायत में कही गई है।
घटना के दौरान महिला के बेटे सुनील भोई सहित गांव के विकास अग्रवाल, भुवनेश्वरी भोई, शिवकुमारी विश्वकर्मा, मुनिया मिर्धा और कीर्ति विश्वकर्मा के मौके पर मौजूद रहने तथा बीच-बचाव करने की जानकारी भी शिकायत में दी गई है।
पीड़िता की शिकायत पर तेन्दुकोना पुलिस ने लखन डडसेना, बालेश डडसेना और आकाश डडसेना के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































