बसना:एनएच-53 पर इनोवा की टक्कर से साइकिल सवार किसान घायल, अस्पताल में भर्ती

बसना। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम पौंसरा क्रॉसिंग के पास मंगलवार सुबह इनोवा कार की टक्कर से साइकिल सवार मकरध्वज प्रधान घायल हो गए। हादसे में उनके दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पौंसरा निवासी मकरध्वज प्रधान मंगलवार 27 अक्टूबर की सुबह करीब 8:25 बजे साइकिल से अपने खेत जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-53 पर पौंसरा क्रॉसिंग के पास सड़क पार करते समय सरायपाली की ओर से आ रही इनोवा कार क्रमांक CG13C7877 के चालक थोमस मिरी ने कथित तौर पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मकरध्वज प्रधान सड़क पर गिर पड़े और उनके शरीर से खून निकलने लगा।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उन्हें अपनी स्विफ्ट कार से बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायल के परिजन ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।





























