बसना:ट्रक की टक्कर से दंपति गंभीर रूप से घायल, रायपुर रेफर

बसना। महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार जिले के थाना सहिला अंतर्गत ग्राम खैरा निवासी नवरतन पटेल (28 वर्ष), जो पेशे से राजमिस्त्री हैं, अपनी पत्नी मंजू पटेल के इलाज के लिए 29 मई 2026 को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HF 2373 से अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना आ रहे थे।
बताया गया है कि जब वे एनएच-53 रायपुर बायपास बसना के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी सरायपाली की ओर से आ रही ट्रक क्रमांक MH 43 BX 4160 के चालक ने कथित रूप से तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर गए, जिससे नवरतन पटेल के बाएं पैर एवं बाएं कंधे में तथा उनकी पत्नी मंजू पटेल के बाएं पैर और पीठ में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर के नौकार अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में दोनों का उपचार रायपुर में जारी है।
घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शी मधुसूदन नायक निवासी तिलंजपुर एवं हरिहर पटेल निवासी सांकरा को जानकारी दी गई है। पीड़ित नवरतन पटेल ने मामले में संबंधित ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































