बसना:खेत की मेड़ से करील तोड़ने से रोका तो किसान पर बांस के डंडे से हमला

बसना। ग्राम खुर्शीपहार में खेत की मेड़ पर लगे करील (बांस) को तोड़कर ले जाने से रोकने पर एक किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में धारा 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित किसान ने बताया कि वह 20 सितंबर को अपनी पत्नी कांती बरिहा, बेटे जयंत बरिहा और दामाद हिरण बरिहा के साथ ग्राम अवंरा घुटकुरी स्थित अपने खेत में दवाई का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान करीब 11 बजे गांव का नरेन्द्र निषाद खेत की मेड़ पर लगे करील (बांस) को तोड़कर ले जा रहा था। किसान ने उसे ऐसा करने से मना किया तो आरोपी ने कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे बांस के डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में किसान के सिर में चोट आई और दर्द होने लगा। घटना के दौरान पत्नी, बेटा और दामाद ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






























