बागबाहरा:गाली-गलौज के बाद दंपती से मारपीट, दांत से काटने का आरोप

बागबाहरा। ग्राम अमलीडीह में हंसी की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने दंपती से गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फिरत राम सिन्हा (46) निवासी अमलीडीह ने शिकायत दर्ज कराई कि 19 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे वह गांव में मुकेश सेन की किराना दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान गांव का लक्ष्मीनारायण साहू वहां पहुंचा और उसे ‘क्यों हंस रहे हो’ कहते हुए गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि लक्ष्मीनारायण ने जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्के से मारपीट की तथा दांत से बाएं जांघ और पेट में काट दिया। मारपीट से उसके दाहिने गाल, बाईं जांघ और पेट के पास चोट आई।
शिकायत के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंची फिरत राम की पत्नी सुखबती सिन्हा के साथ भी आरोपी ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। इस दौरान लेखराम ठाकुर और भूपेन्द्र सेन ने बीच-बचाव किया और घटना देखी-सुनी।
पिथौरा पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी लक्ष्मीनारायण साहू के विरुद्ध धारा 115(2), 118(1), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।




























