महासुमंद

महासमुंद:समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, सीएम हेल्पलाइन के 6,347 प्रकरणों की हुई समीक्षा

महासमुंद। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं एवं जनहित से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एल-1 स्तर पर प्राप्त आवेदनों का 7 से 10 दिवस के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का नियमित अवलोकन करने के निर्देश भी दिए गए। जिले में अब तक 6 हजार 347 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 3 हजार 89 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है।
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने ‘सेवा के रंग’, ‘आंगन मिलन’, ‘सेवा कलश यात्रा’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित विभिन्न गतिविधियों का व्यापक स्तर पर आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवा सेतु अभियान के तहत 1, 3, 5 और 6 अक्टूबर को सभी विकासखंडों में क्लस्टर स्तर पर चार-चार शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने शिविरों के लिए अभी से आवेदन लेने और व्यापक मुनादी कराने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों में 5 अक्टूबर को महासमुंद, तुमगांव, बागबाहरा, पिथौरा और सरायपाली तथा 7 अक्टूबर को महासमुंद और बसना में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे।
2 से 8 अक्टूबर तक दान उत्सव
बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक दान उत्सव मनाया जाएगा। इसमें अंगदान, देहदान, रक्तदान, पुस्तक दान, वस्त्र दान एवं खिलौने दान जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। कलेक्टर ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में दान उत्सव में सहभागी बनने की अपील की। अंगदान के लिए स्वास्थ्य विभाग, खिलौना दान के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों तथा पुस्तक दान के लिए स्कूलों से संपर्क करने की अपील की गई।
बैठक में ई-ऑफिस व्यवस्था और आधार आधारित उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग करने तथा आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था का नियमित पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को पारस पोर्टल पर अद्यतन जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए। डीसीएस सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सर्वे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा सभी संबंधित प्लॉट एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी सही एवं अद्यतन रखने को कहा। पटवारियों को सर्वे किए गए प्लॉट का अप्रूवल शीघ्र करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने, वीबीजीरामजी, पीएम आवास, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं जन शिकायतों की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रकरणों एवं प्रगति की जानकारी कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!