पटेवा :पंचायत टैक्स वसूली को लेकर विवाद, दो महिलाओं से गाली-गलौज व मारपीट का आरोप

पटेवा। ग्राम झलप में पंचायत टैक्स वसूली को लेकर विवाद के बाद गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, झलप निवासी फल ठेला संचालक युवक अपने नाना अवधेश मिर्धा के कहने पर 28 सितंबर की शाम झलप बाजार में फुटकर दुकान लगाने वालों से दैनिक पंचायत टैक्स वसूलने गया था। इसी दौरान दिलीप ध्रुवंशी से टैक्स की राशि मांगने पर उसने राशि देने से इनकार करते हुए बहसबाजी की। इसके बाद युवक वहां से वापस घर आ गया।
शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे प्रमोद ध्रुवंशी, चंद्रहास ध्रुवंशी और प्रमोद ध्रुवंशी का भांजा अवधेश मिर्धा के घर के सामने पहुंचे और दिलीप ध्रुवंशी से विवाद करने की बात कहते हुए युवक से गाली-गलौज करने लगे। विवाद की आवाज सुनकर अवधेश की पत्नी रीता देवी मिर्धा बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने दोनों से गाली-गलौज करते हुए हाथ-झापड़ से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि मारपीट में उसे और उसकी नानी को कोई चोट या खरोंच नहीं आई। घटना को रंजीत एवं उसके साले द्वारा देखे-सुने जाने की बात कही गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




























