महासमुंद:शराब के नशे में युवक से मारपीट की कोशिश, फावड़े से हमला करने का प्रयास

महासमुंद ।जिले के ग्राम बिरकोनी में शराब के नशे में गाली-गलौज करने और युवक पर फावड़े से हमला करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उसके गले को हाथ से दबाने का प्रयास किया, जिससे उसके गले में चोट आई। वहीं, बचने के प्रयास में उसके दाहिने पैर में भी चोट लगी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 04, ग्राम बिरकोनी निवासी युवक 29 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4 बजे प्रकाश किराना स्टोर के पास खड़ा था। इसी दौरान उसकी मां तनुजा गेन्ड्रे सामान खरीदने पहुंचीं। आरोप है कि उसी समय नोहर महिलांग शराब के नशे में वहां आया और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा।
युवक ने जब उसे गाली देने से मना किया, तो आरोपी ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए गले को हाथ से दबाने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने फावड़े से मारने की भी कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। बचने के प्रयास में युवक के दाहिने पैर में चोट लग गई।
घटना के दौरान युवक की मौसी का बेटा राजेश्वर रात्रे बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी ने उसके साथ भी गाली-गलौज की। युवक के अनुसार, घटना को प्रकाश काठले ने देखा और सुना है। पीड़ित ने मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।





























