महासमुंद:15 अगस्त तक चलेगा ‘माय भारत’ पंजीयन अभियान, युवाओं को जोड़ने विशेष मुहिम

महासमुंद। जिला मुख्यालय में मेरा युवा भारत (माय भारत) अंतर्गत जिला सलाहकार समिति की बैठक कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर युवाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा माय भारत कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री लंगेह ने निर्देश दिए कि माय भारत पोर्टल के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष पंजीयन अभियान चलाया जाए और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि माय भारत राष्ट्र निर्माण में युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का एक व्यापक और बहुआयामी प्रयास है। इस कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में युवाओं की रचनात्मक भागीदारी बढ़ेगी तथा विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य को जिला स्तर पर साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
बैठक में जिला युवा अधिकारी वसुंधरा साहू ने बताया कि 15 अगस्त तक विशेष पंजीयन अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कर कार्यक्रमों से जुड़ सकेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्ययोजना के अंतर्गत विकसित भारत पदयात्रा, यूथ क्लब विकास अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, सुशासन दिवस पर कार्यशाला, स्वस्थ युवा-विकसित भारत खेल प्रतियोगिताएं, सक्रिय युवा क्लबों को खेल सामग्री का वितरण तथा अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के समन्वय से युवाओं को विभागीय कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाएगा।
बैठक में जिला सलाहकार समिति के सदस्य, जिला कौशल विकास, जनसंपर्क विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), एनसीसी, स्काउट-गाइड तथा रेडक्रॉस सोसायटी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

































