सिंघोड़ा :दो पीठू बैग में गांजा भरकर कर रहे थे बस का इंतजार, तीन दबोचे गए

सिंघोड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं सिंघोड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10.380 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, तीन मोबाइल फोन सहित कुल 5 लाख 49 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रही लगातार चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि ग्राम रेहटीखोल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति दो पीठू बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान राकेश उर्फ राजू सिंह (50 वर्ष), निवासी फतेहपुर (उत्तर प्रदेश), विकास कुमार तिवारी (26 वर्ष), वर्तमान निवासी अवंती विहार रायपुर तथा मूल निवासी कोरिया, और सतेन्द्र कुमार निर्मल (24 वर्ष), निवासी फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई।
सघन पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस ने दो पीठू बैग से 10.380 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 5.19 लाख रुपये है, बरामद किया। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 5.49 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है। पुलिस अब गांजा तस्करी के स्रोत, गंतव्य और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

































