सिंघोड़ा :तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, चालक के खिलाफ मामला दर्ज

महासमुंद। जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 281 एवं 125(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम छुईपाली निवासी करन मुन्ना (26 वर्ष) ने थाना सिंघोड़ा में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उसके पिता हेमचंद मुन्ना 7 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:15 बजे मोटरसाइकिल क्रमांक CG06GM3409 से सरायपाली से अपने गांव छुईपाली लौट रहे थे। इसी दौरान बटकी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के डिवाइडर के पास स्विफ्ट कार क्रमांक CG06HB6024 के चालक बंशी पटेल (45 वर्ष), निवासी बोंदापाली, थाना सरायपाली ने कथित रूप से तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में हेमचंद मुन्ना के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित आईटीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रार्थी की शिकायत के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस ने आरोपी कार चालक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की विवेचना कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
































