सिंघोडा: नंबर प्लेट बदलकर दुर्घटना वाला वाहन छिपाया पुलिस ने किया खुलासा

सिंघोडा। पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक मामले की विवेचना के दौरान बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने दूसरे वाहन की नंबर प्लेट लगाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार थाना सिंघोडा के अपराध क्रमांक 46/2026, धारा 106(1) बीएनएस की जांच के दौरान गवाहों ने बताया कि 7 मई 2026 को एक पिकअप वाहन क्रमांक CG04QF4605 दुर्घटना कर मौके से फरार हो गया था। ऑनलाइन जांच में यह वाहन बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया निवासी ऋषि पटेल के नाम पर पंजीकृत पाया गया।
जांच के दौरान 10 जुलाई 2026 को महासमुंद निवासी प्रहलाद यादव ने थाना पहुंचकर स्वीकार किया कि घटना के दिन उसी ने दुर्घटना की थी, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। उसने पुलिस के समक्ष पिकअप वाहन पेश किया, जिसे गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया।
वाहन की तस्दीक के दौरान पुलिस को संदेह हुआ। जांच में पाया गया कि वाहन पर लगी नंबर प्लेट के नीचे एक अन्य नंबर अंकित था। नंबर प्लेट हटाने पर वाहन का वास्तविक नंबर CG06GV8754 मिला। ऑनलाइन रिकॉर्ड से यह वाहन बागबाहरा क्षेत्र निवासी गणेश कुमार देवांगन के नाम पर पंजीकृत पाया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने वास्तविक वाहन की पहचान छिपाने और उसे दूसरे वाहन के रूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से नंबर प्लेट बदलकर पुलिस को धोखा देने का प्रयास किया। इस आधार पर आरोपी प्रहलाद यादव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2) के तहत एक और अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि नंबर प्लेट बदलने की साजिश में अन्य किसी व्यक्ति की भी भूमिका रही है या नहीं।
































