तुमगांव : जमीन विवाद में महिला से मारपीट जानिए मामला

महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरपुर चौकी के ग्राम चुहरी में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चुहरी निवासी बबीता ध्रुव ने शिकायत दर्ज कराई कि 7 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे वह अपने खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान गांव के हरिओम ध्रुव, कुमारी बाई ध्रुव और परमेश्वरी ध्रुव कथित रूप से खेत में जबरन धान बोने पहुंचे। विरोध करने पर तीनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लात-घूंसों तथा लकड़ी के डंडे से मारपीट की।
पीड़िता ने घटना की लिखित शिकायत सिरपुर चौकी में दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।































