महासमुंद:रानी दुर्गावती शहादत दिवस पर वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण

रानी दुर्गावती शहादत दिवस पर वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण, मंत्री राम विचार नेताम ने दी श्रद्धांजलि
महासमुंद। आदिम जाति कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री राम विचार नेताम ने मंगलवार को महासमुंद जिला मुख्यालय में आयोजित वीरांगना रानी दुर्गावती की 462वीं शहादत दिवस एवं अमर शहीद वीर नारायण सिंह प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होकर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने बीटीआई रोड स्थित रानी दुर्गावती चौक में स्थापित रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा अटल परिसर में छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया।
आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि रानी दुर्गावती और शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी समाज के शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों ने अन्याय, शोषण और विदेशी शक्तियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया, जिससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी।
मंत्री नेताम ने कहा कि समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय समाज, किसानों, महिलाओं और युवाओं के विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों तक बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
उन्होंने किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का भंडारण किया गया है। सरकार नकली खाद-बीज, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही नैनो डीएपी, नैनो यूरिया, ड्रोन तकनीक और कृषि यंत्रीकरण जैसी आधुनिक तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने रानी दुर्गावती एवं वीर नारायण सिंह के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनजातीय परंपराओं और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने का कार्य लगातार किया जा रहा है। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों की विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि रानी दुर्गावती और वीर नारायण सिंह आदिवासी समाज के गौरव हैं, जिनके आदर्श आज भी समाज को दिशा प्रदान करते हैं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि आदिवासी समुदाय जल, जंगल और जमीन का संरक्षक है तथा विकास और विरासत को साथ लेकर चलना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी, औषधि पादप बोर्ड अध्यक्ष विकास मरकाम, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा दीवान, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।































