महासमुंद:30 जून से शुरू होगी एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रवेश काउंसलिंग

महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आदिम जाति कल्याण, आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) की कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु काउंसलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्राक्चयन परीक्षा की मेरिट सूची एवं प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थियों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया 30 जून 2026 से प्रारंभ होगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड एवं जिला स्तरीय काउंसलिंग 30 जून, 1 जुलाई एवं 2 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। राज्य स्तरीय काउंसलिंग 3 जुलाई को तथा विशेष पिछड़ी जनजाति एवं विशेष आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 4 जुलाई को आयोजित होगी। वहीं, 6 जुलाई को आरक्षित दिवस रखा गया है, जिसमें वे अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जो किसी कारणवश निर्धारित तिथियों में काउंसलिंग में उपस्थित नहीं हो पाए हैं।
काउंसलिंग प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित जिलों में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में संपन्न होगी। अभ्यर्थियों को सत्यापन के लिए मूल निवास प्रमाण पत्र, स्थायी जाति प्रमाण पत्र, कक्षा 5वीं की अंकसूची, आधार कार्ड तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
समिति ने स्पष्ट किया है कि 30 जून से 6 जुलाई के बीच यदि कोई पात्र अभ्यर्थी किसी अन्य निर्धारित दिवस पर भी उपस्थित होता है तो उसे काउंसलिंग से वंचित नहीं किया जाएगा। मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को दूरभाष, एसएमएस, पंजीकृत डाक तथा विद्यालय एवं कार्यालय के सूचना पटल के माध्यम से पूर्व सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।
काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद राज्य स्तर से विद्यार्थियों को ऑनलाइन विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। चयनित विद्यार्थियों को आवंटित विद्यालय में प्रवेश की पुष्टि ऑनलाइन पोर्टल पर करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही रिक्त सीटों पर पुनः काउंसलिंग की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
समिति ने सभी संस्था प्रमुखों एवं प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए प्रवेश प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराएं। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।































