सरायपाली:50 रुपये के मछली उधार विवाद में कोटवार से मारपीट जानिए मामला

सरायपाली। जिले के एक गांव में 50 रुपये के मछली उधार के विवाद को लेकर ग्राम कोटवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बैदपाली निवासी एवं गांव के कोटवार नरेश दीप ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे गांव के बबलू बाघ, किशोर बाघ और सुमीत उसके घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने महिपाल दीप से उधार ली गई 50 रुपये की मछली के पैसे तत्काल देने की मांग की।
नरेश दीप के अनुसार उन्होंने कहा कि वह जिस व्यक्ति से मछली उधार लिए हैं, उसी को रुपये देंगे। इस बात से नाराज होकर तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
शोर सुनकर नरेश दीप की बहू पद्मिनी दीप बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोप है कि उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना के दौरान गांव के लोकेश और प्रदीप दीप ने बीच-बचाव किया।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

































