तुमगांव :गोपालपुर मोड़ पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत

तुमगांव । तुमगांव थाना क्षेत्र में एनएच-53 स्थित गोपालपुर मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत और दो अन्य के घायल होने के मामले में पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद पिकअप वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच पुटपुरा (जिला बलौदाबाजार) निवासी हुकेश यादव अपने साथियों अर्जुन देव साहू और हरीश कुमार चौहान के साथ रायपुर से मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HE 9626 से लौट रहे थे। गोपालपुर मोड़ के पास पीछे से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QJ 8408 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों सड़क पर गिर गए। गंभीर रूप से घायल हुकेश यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं अर्जुन देव साहू और हरीश कुमार चौहान को चोटें आईं, जिनका उपचार किया गया।
मर्ग जांच, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पाया कि हादसा पिकअप चालक की लापरवाही से हुआ। इसके बाद आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए), 106(1) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।































