खल्लारी:पिकअप से सब्जी व एडवांस रकम गायब, चालक समेत दो पर FIR पढ़े पूरी खबर

खल्लारी। मिनी ट्रक ट्रांसपोर्ट संचालक की शिकायत पर खल्लारी पुलिस ने पिकअप वाहन में लोड बैंगन और खीरा समेत एडवांस राशि गायब करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जामगांव निवासी देवराज वैष्णव खल्लारी में वर्ष 2023-24 से मिनी ट्रक ट्रांसपोर्ट का संचालन करता है। शिकायत के मुताबिक पिकअप वाहन क्रमांक OD 14 AL 3117 के मालिक के बेटे सुरज आर्य, निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) ने वाहन के लिए लोडिंग का काम मांगा था। इसके बाद वाहन में बैंगन और खीरा लोड कराया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार वाहन में करीब 2 टन बैंगन और 1100 किलो खीरा, जिसकी कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई, लोड किया गया था। इसके अलावा वाहन के लिए करीब 9 हजार रुपये एडवांस की राशि भी दी गई थी। आरोप है कि वाहन चालक मुरारी कुमार माल लेकर निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा और बाद में वाहन खाली हालत में मिला।
देवराज ने आरोप लगाया कि पिकअप में लोड सब्जियों और एडवांस समेत कुल 84 हजार रुपये की संपत्ति गायब कर दी गई। शिकायत के आधार पर खल्लारी पुलिस ने सुरज आर्य और मुरारी कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

























