बसना:NH-53 बायपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

बसना। ग्राम दाबपाली, थाना झारबंद, जिला बरगढ़ (ओडिशा) निवासी सूरज केंवट (35) की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में बसना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सूरज केंवट अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GP 9467 से ग्राम दाबपाली से गढ़पटनी, थाना बसना जा रहा था। इसी दौरान बसना के NH-53 बायपास रोड को पार करते समय सरायपाली से रायपुर की ओर जा रहे अज्ञात वाहन के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में सूरज केंवट के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी कौशल्या केंवट एवं बच्चे शिवांश को भी चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:40 बजे सूरज केंवट की मौत हो गई।
अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर बसना पुलिस ने मर्ग क्रमांक 133/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। मर्ग जांच एवं परिजनों तथा गवाहों के कथन के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।






























