सरायपाली:सोलर प्लांट में चोरों का धावा, 1500 मीटर कॉपर केबल चोरी पढ़े पूरी खबर

सरायपाली। ग्राम जंगलबेड़ा स्थित 100 मेगावाट GPIL सोलर प्रोजेक्ट परिसर से अज्ञात चोरों द्वारा करीब 1500 मीटर कॉपर केबल चोरी करने और 152 सोलर प्लेटों को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। चोरी गई केबल की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
कंपनी केएसएल क्लीनटेक लिमिटेड द्वारा गोदावरी पावर एवं इस्पात लिमिटेड के 100 मेगावाट सोलर पावर प्लांट का निर्माण कार्य ग्राम जंगलबेड़ा में कराया जा रहा है। कंपनी के प्रतिनिधि यश कुमार चंद्राकर ने सरायपाली थाने में 8 सितंबर को लिखित शिकायत देकर बताया कि 17 अगस्त को निरीक्षण के दौरान सोलर प्लांट के ब्लॉक नंबर-1 में केबल चोरी होने की जानकारी मिली। जांच में पता चला कि करीब 1500 मीटर 6 Sqmm KEI कंपनी की कॉपर केबल तथा सोलर प्लेट से जुड़ी केबल अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर ली गई है।
चोरी के कारण Rayzon Solar कंपनी की 152 सोलर प्लेट भी क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे कंपनी को अतिरिक्त आर्थिक नुकसान हुआ है। शिकायत के अनुसार चोरी की संभावित घटना 15 अगस्त की रात की है। घटना के संबंध में स्थल निरीक्षण कर फोटोग्राफ एवं वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। कंपनी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चोरी गई केबल की बरामदगी तथा क्षतिग्रस्त सोलर प्लेटों के मामले में जांच की मांग की है।





























