बलौदा: लापता गौतम का नहीं मिला सुराग, परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी रिपोर्ट

बलौदा। ग्राम टीभूपाली निवासी गौतम बुड़ेक, पिता स्व. असाड़ू बुड़ेक, उम्र 54 वर्ष, 10 जनवरी 2026 की सुबह करीब 7 बजे घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। लंबे समय बाद भी उनके वापस नहीं लौटने पर उनकी पत्नी रूकनी बुड़ेक ने 7 सितंबर 2026 को थाना बलौदा पहुंचकर गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के अनुसार, परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन गौतम बुड़ेक का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। गुमशुदगी के समय उनका हुलिया सांवला रंग, अधपके बाल, गोल चेहरा और सामान्य बदन बताया गया है। उन्होंने खाकी रंग का फुलपैंट तथा हरे रंग की शर्ट पहन रखी थी। वे कक्षा आठवीं तक पढ़े हैं।
पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 07/26 कायम कर पतासाजी शुरू कर दी है। जांच के दौरान लापता व्यक्ति का ठिकाना एवं सुरक्षा अज्ञात होने के कारण पुलिस ने किसी अज्ञात व्यक्ति/व्यक्तियों द्वारा उन्हें ले जाकर अज्ञात स्थान पर रखे जाने की संभावना को भी ध्यान में रखा है। मामले में धारा 140(3) बीएनएस 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। इसकी सूचना डीसीबी शाखा महासमुंद सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को भेजी गई है।




























