सरायपाली:अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत जानिए मामला

सरायपाली। ग्राम दर्राभांठा निवासी 29 वर्षीय भरत बिसी की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में सरायपाली पुलिस ने मर्ग जांच के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भरत बिसी 24 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GW 6168 से सरायपाली से अपने घर दर्राभांठा लौट रहा था। इसी दौरान सारंगढ़ रोड पर प्रतिभा रथ के मकान के सामने किसी अज्ञात वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में भरत को गंभीर चोटें आईं।
घायल भरत को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सरायपाली ले जाया गया, जहां से उसे ओम अस्पताल सरायपाली रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 7 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे भरत की मौत हो गई।
मर्ग क्रमांक 68/2026 की जांच के दौरान परिजनों एवं गवाहों के बयान लिए गए। जांच में अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर चोट लगने के कारण भरत की मौत होना पाए जाने पर सरायपाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश एवं घटना की विवेचना कर रही है।






























