लम्बर में 90 रक्तवीरों ने किया रक्तदान, सेवा और मानवता का दिया संदेश

बसना। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को दुर्गा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लम्बर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर एवं रक्तदानवीर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शिविर में 90 रक्तदानवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। सभी रक्तदानवीरों को बैग एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना, उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की राज्य NSS अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अध्यक्षता जिला संगठक, NSS महासमुंद डॉ. मालती तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि समाजसेविका डॉ. अनिता चौधरी, सरायपाली तथा दुर्गा शिक्षण एवं सेवा समिति, लम्बर के अध्यक्ष गुलाब सिंह तोमर रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद अतिथियों ने महात्मा गांधी एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्य अतिथि डॉ. नीता बाजपेयी ने गांधीजी के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए रक्तदान शिविर को समाजसेवा की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
डॉ. मालती तिवारी ने युवाओं को NSS के माध्यम से समाजसेवा एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. अनिता चौधरी ने रक्तदान को मानव जीवन बचाने में महत्वपूर्ण बताते हुए स्वस्थ एवं पात्र लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। गुलाब सिंह तोमर ने विद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक के सफर का उल्लेख करते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
समाजसेविका डॉ. अनिता चौधरी ने 90 रक्तदानवीरों को पुरस्कार प्रदान किए। संस्था के प्राचार्य आर.के. पटेल ने अतिथियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्णानंद मिश्रा की संस्था की ओर से विद्यालय के सभी शिक्षकों को स्वर्गीय हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में NSS से जुड़े विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के कार्यक्रम अधिकारी, शिक्षक, छात्रसंघ सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। शिविर को सफल बनाने में पूर्णिमा ज्ञानेश्वरी फाउंडेशन, गिरधारी पटेल, समिति सदस्यों सहित ज्योति कुमार पटेल, अजय कुमार जायसवाल, रामकुमार मैत्री, उस्ताद अली, अमित चौरसिया एवं चंद्रकांत चौरसिया का विशेष योगदान रहा। गिरधारी पटेल ने रक्तदानवीरों के लिए पेय पदार्थ की व्यवस्था की।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य आर.के. पटेल ने सभी अतिथियों, रक्तदानवीरों, सहयोगियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन NSS जिला संगठक डॉ. मालती तिवारी के निर्देशन, प्राचार्य आर.के. पटेल के मार्गदर्शन तथा NSS कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार चन्द्रा के संयोजन में सम्पन्न हुआ।






























