महासमुंद:युवक के नाम पर खुलवाया बैंक खाता, लाखों के ट्रांजेक्शन से मचा हड़कंप

महासमुंद। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक के नाम पर सिम, पैन कार्ड और बैंक खाता खुलवाकर लाखों रुपये के लेनदेन किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने आवेदन के आधार पर आरोपी योगेश चन्द्राकर के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम परसकोल निवासी नागेन्द्र साहू (23) ने 5 सितंबर को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि वह आरोपी योगेश चन्द्राकर को स्कूल के समय से जानता है। मार्च 2026 में पैन कार्ड बनवाने की बात उसने योगेश को बताई थी। इसके बाद योगेश उसे महासमुंद के एक मोबाइल दुकान में ले गया, जहां उसके नाम से नया सिम जारी कराया गया। बाद में GST सुविधा केंद्र ले जाकर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए और उसके नाम से बैंक खाता भी खुलवाया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे न तो सिम दिया गया और न ही बैंक खाते की जानकारी उपलब्ध कराई गई। 5 सितंबर को जब उसने सुविधा केंद्र और बैंक जाकर अपने आधार के आधार पर जानकारी ली तो उसके नाम से बैंक ऑफ बड़ौदा में 9 मार्च 2026 को खाता खुलने का पता चला। खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर उसमें लगातार 50 हजार और 1 लाख रुपये सहित बड़ी रकम के ट्रांजेक्शन पाए गए। नागेन्द्र ने पुलिस को बताया कि ये लेनदेन उसने नहीं किए हैं।
शिकायतकर्ता ने बैंक लेनदेन का विवरण भी आवेदन के साथ संलग्न करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खाते, सिम और संबंधित दस्तावेजों के उपयोग तथा हुए लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।




























