पिथौरा:सिंचाई के लिए लगाए दो मोटर पंप चोरी जानिए पुरा मामला

पिथौरा। ग्राम खुटेरी के फुन्नु बाहरा स्थित खेत से दो 2-2 एचपी के मोटर पंप चोरी होने का मामला सामने आया है। किसान गुलशन निषाद ने थाना पिथौरा में शिकायत दर्ज कराते हुए तीन लोगों पर चोरी का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, गुलशन निषाद ने अपने खेत में सिंचाई के लिए दो स्थानों पर 2-2 एचपी के मोटर पंप लगाए थे। 1 अगस्त की शाम करीब 7 बजे तक मोटर पंप खेत में लगे हुए थे। अगले दिन 2 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे खेत पहुंचने पर दोनों मोटर पंप गायब मिले। चोरी गए मोटर पंपों की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
किसान ने आसपास पूछताछ की, जिस पर ग्रामीणों द्वारा चेतन निषाद, युगल किशोर साहू और बोधन ध्रुव के नाम बताए जाने की बात शिकायत में कही गई है। शिकायतकर्ता ने पूर्व में गांव के अन्य किसानों के खेतों से मोटर पंप एवं वायर चोरी होने का भी उल्लेख करते हुए इन घटनाओं में भी उक्त लोगों पर संदेह जताया है।
पिथौरा पुलिस ने लिखित आवेदन के आधार पर चेतन निषाद, युगल किशोर साहू और बोधन ध्रुव के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।






























