महासुमंद

महासमुंद:अग्निवीर बने युवाओं का कलेक्टर ने किया सम्मान, राष्ट्र सेवा के लिए किया प्रेरित

महासमुंद। माँ महामाया स्पोर्ट्स एंड डिफेंस एकेडमी (निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र) महासमुंद में प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय थलसेना में अग्निवीर के रूप में चयनित युवाओं का कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने चयनित युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
सम्मान समारोह में कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि अनुशासन, मेहनत और लगन ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने एकेडमी में महिला सेना, पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को भी निरंतर प्रयास करते रहने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री मनोज कुमार खांडे ने अपने जीवन के संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने सेना के सिपाही से लेकर शिक्षक, फूड इंस्पेक्टर और डिप्टी कलेक्टर बनने तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए शिक्षा, खेल, समय प्रबंधन और शिष्टाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभ्यर्थियों को दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
समारोह में एकेडमी के संचालक एवं आर्मी एडवेंचर ट्रेनर श्री पुरुषोत्तम डनसना (पूर्व सैनिक), शारीरिक शिक्षा एवं एनसीसी शिक्षक श्री चन्द्रहास साहू तथा फॉर्च्यून नेत्रहीन विद्यालय बागबाहरा के संचालक श्री निरंजन साहू भी उपस्थित रहे।
सम्मानित अग्निवीरों में सरायपाली के रूपधर नेताम, छिंदपाली के ओमप्रकाश गड़तिया, नवरंगपुर के उमेश निषाद, अरेकेल-बसना के गनेसर साव, बागबाहरा के कमल दिवान तथा अचानकपुर के चूड़ामणि पटेल शामिल रहे।
कार्यक्रम में महिला सेना, पुलिस एवं विभिन्न सुरक्षा विभागों की तैयारी कर रही अभ्यर्थी रुपेश्वरी, डोमेश्वरी, ईश्वरी, टिनम, लक्ष्मी, पूजा, लीना, खुशी और दुलारी सहित पुरुष अभ्यर्थी मेघराज, आशीष, आदित्य, त्रिलोक एवं निखिल भी उपस्थित रहे। उन्होंने चयनित अग्निवीरों से सफलता के सूत्र सीखते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति का संकल्प लिया। समारोह प्रेरणा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत रहा।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!