बसना:दुर्गेश की सफलता से गदगद विद्यालय परिवार, शिक्षक सुशील प्रधान की सराहना

बसना। राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बिछिया के छात्र दुर्गेश भोई ने सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दुर्गेश के चयन से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधान पाठक रामनाथ साव ने छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन और मेहनत की होती है।
दुर्गेश की सफलता में मार्गदर्शक शिक्षक सुशील प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने छात्र को परीक्षा के पैटर्न, मानसिक योग्यता (MAT) एवं शैक्षणिक योग्यता (SAT) से संबंधित विषयों की नियमित तैयारी कराई। शिक्षक के मार्गदर्शन और छात्र की मेहनत के बल पर दुर्गेश ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर छात्रवृत्ति के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
इस उपलब्धि पर शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी), विद्यालय के शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने छात्र दुर्गेश भोई तथा शिक्षक सुशील प्रधान को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
































