बसना:घर में घुसकर युवती से मारपीट, गला दबाकर जान से मारने की धमकी

बसना। थाना बसना क्षेत्र के ग्राम खटखटी में एक युवती के साथ घर में घुसकर मारपीट और गला दबाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खटखटी निवासी 22 वर्षीय आशियाना खान ने शिकायत दर्ज कराई है कि 16 जून 2026 की रात करीब 8:45 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान गांव के मोहसिन खान ने उसकी बहन का फोटो फैलाने का आरोप लगाते हुए अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा।
शिकायत के अनुसार, आशियाना बचने के लिए घर के अंदर चली गई, लेकिन मोहसिन खान उसके पीछे घर में घुस गया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसका गला दबा दिया। इसी दौरान मोहसिन का भाई मेराज खान भी घर में घुस आया और मारपीट करने लगा। घटना के दौरान आशियाना की मौसी आयशा परवीन, नानी मुमताज तथा मामी रिहाना ने बीच-बचाव किया।
पीड़िता का आरोप है कि घर से बाहर निकलने के बाद भी दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा लगातार अश्लील गालियां देते रहे। शिकायत के आधार पर थाना बसना पुलिस ने मोहसिन खान और मेराज खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 331(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।































