कोमाखान:टेमरी जांच नाका पर 17.5 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कार और मोबाइल जब्त

महासमुंद। जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत टेमरी जांच नाका पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.500 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत लगभग 8 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा इंडिका कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 जून को टेमरी जांच नाका में वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक सफेद रंग की टाटा इंडिका कार (एमपी 04 सीबी 0848) में एक पुरुष और महिला अवैध रूप से गांजा लेकर महासमुंद की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखी एक प्लास्टिक बोरी से खाकी रंग के टेप में लिपटे 17 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इनमें गांजा पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर गांजा का कुल वजन 17.500 किलोग्राम निकला।
पुलिस ने कार चालक दिनेश गिरी गोस्वामी (35 वर्ष), निवासी जाखनोद थाना पोहरी जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) तथा कार में सवार ललिता जाटव (27 वर्ष), निवासी धुवानी थाना सुरवाया जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दिनेश गिरी गोस्वामी ने गांजा उड़ीसा के भवानीपटना क्षेत्र से खरीदकर मध्यप्रदेश ले जाकर बिक्री करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक टाटा इंडिका कार तथा दो मोबाइल फोन सहित कुल 9 लाख 38 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्यामाचरण ध्रुव सहित थाना कोमाखान के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






























