पटेवा: खेत में मिली अज्ञात महिला की लाश, धारदार हथियार से हत्या की आशंका

महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुरेंगा में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 की सुबह ग्राम तुरेंगा निवासी चंद्राहास नंदा को राहगीरों ने सूचना दी कि खेमसिंग दीवान के खेत में महुआ पेड़ के पास एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर देखा गया कि महिला की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है तथा उसके गले, जबड़े और दाढ़ी के हिस्से में गहरे घाव के निशान थे। शव के आसपास खून फैला हुआ था।
मृतका ने नीले रंग की नाइटी, कत्थई रंग का पेटीकोट, गले में संतरी रंग की चुनरी, मंगलसूत्र तथा पैरों में पायल और बिछिया पहन रखी थी। प्रारंभिक जांच में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
सूचना पर पटेवा थाना पुलिस, वैज्ञानिक अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। शव पंचनामा और मर्ग जांच के दौरान हत्या की पुष्टि होने पर थाना पटेवा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 110/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार घटना 16 जून की रात 9 बजे से 17 जून की सुबह 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला की शिनाख्त कराने तथा आरोपी की तलाश के लिए जांच में जुटी हुई है।






























