सांकरा:जोंक नदी में गिरने से साइकिल सवार की मौत पढ़े पूरी खबर

महासमुंद। सांकरा थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार की मौत के मामले में बाइक चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना सांकरा के मर्ग क्रमांक 32/2026 की जांच के दौरान पाया गया कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HG 2927 के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए ग्राम बल्दीडीह निवासी देवराज यादव (50 वर्ष) को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद देवराज यादव जोंक नदी के पुल के नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मृत्यु हो गई।
जांच के दौरान परिजनों, प्रत्यक्षदर्शी तथा अन्य गवाहों के बयान लिए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं गवाहों के कथनों के आधार पर यह पुष्टि हुई कि दुर्घटना बाइक चालक की लापरवाही के कारण हुई थी।
पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है।






























