तेन्दुकोना :हिसाब-किताब के विवाद में महिला समूह की अध्यक्ष को धमकी, दो आरोपियों पर केस दर्ज

महासमुंद। जिले के तेन्दुकोना थाना अंतर्गत बुन्देली चौकी क्षेत्र के ग्राम चुर्रूपाली में स्व-सहायता समूह के पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चुर्रूपाली निवासी एवं महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष बसंती साहू (39) ने शिकायत दर्ज कराई कि 2 अगस्त की शाम करीब 7 बजे गांव के मोहन साहू और उसकी मां श्यामा बाई साहू उनके घर के सामने पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने समूह के पैसों के हिसाब को लेकर बसंती साहू और अन्य महिलाओं से अभद्र गाली-गलौज की तथा एक राय होकर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के दौरान विशाखा निषाद, कांती साहू, पपी साहू और शांति साहू ने बीच-बचाव किया। पीड़िता ने पारिवारिक सलाह के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
बुन्देली चौकी से प्राप्त देहाती नालसी के आधार पर तेन्दुकोना थाना में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।































