सरायपाली:स्पीड रीडिंग कार्यक्रम से छात्राओं में बढ़ा पठन कौशल, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हुआ सम्मान

सरायपाली। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के पठन कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से शासकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, कन्या सरायपाली (संकुल केंद्र) में शनिवार को एक दिवसीय ‘स्पीड रीडिंग’ (तीव्र पठन) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की पढ़ने की गति बढ़ाने तथा कम समय में अधिक जानकारी को समझने और आत्मसात करने की क्षमता विकसित करना था।
कार्यक्रम में संकुल के अंतर्गत आने वाले 6 प्राथमिक एवं 2 माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी टीकमचंद पटेल एवं संकुल प्राचार्य दिलीप कुमार नायक के मार्गदर्शन में आयोजित इस नवाचार कार्यक्रम में संकुल स्तर पर रीडिंग कॉर्नर और समृद्ध पुस्तकालयों की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच लाइव रीडिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संकुल समन्वयक श्रवण कुमार प्रधान एवं अन्य शिक्षकों ने कहा कि ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, आत्मविश्वास और परीक्षा की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, वहीं सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन राजेश प्रधान ने किया। आयोजन को सफल बनाने में दिलचंद चौहान, सुनील कुमार खेस, गौरी शंकर पटेल, यास्मीन खान, निषाद खान, नियति साहू, कृष्णा पटेल, राधा सिदार, गणेश चौहान, संध्या पटेल, दिनेश्वरी जगत, द्वारिका प्रसाद चौहान और कुसुम ठाकुर सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। इसकी जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।































