सांकरा:कंचनपुर में अज्ञात चोरों का आतंक, छह खेतों से मोटर पंप के वायर चोरी

महासमुंद। जिले के सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंचनपुर में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में छह किसानों के खेतों को निशाना बनाते हुए मोटर पंप के केबल वायर चोरी कर लिए। घटना से किसानों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कंचनपुर निवासी हेमकुमार पटेल ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके करीब छह एकड़ के धान के खेत में सिंचाई के लिए दो मोटर पंप लगे हैं। 30 जुलाई की शाम तक दोनों मोटर पंप सुरक्षित थे, लेकिन 31 जुलाई की सुबह खेत पहुंचने पर दोनों मोटर पंपों के लगभग 70 मीटर केबल वायर कटे हुए मिले और गायब थे।
जांच के दौरान आसपास के किसानों केसर साहू, हरीराम पटेल, नैना पटेल, अभिमन्यु पटेल और घसीया पटेल के खेतों से भी मोटर पंप के केबल वायर चोरी होने की जानकारी मिली। सभी किसानों के खेतों से कुल लगभग 215 मीटर केबल वायर चोरी हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹23,650 बताई गई है।
पीड़ित किसानों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरी गए केबल वायर का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की सूचना सांकरा थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।































