सरायपाली:सीसी रोड की शिकायत पड़ी भारी, जांच के दौरान शिकायतकर्ता पर हमला

सरायपाली । थाना क्षेत्र के ग्राम बहेरापाली में सीसी रोड निर्माण कार्य की जांच के दौरान शिकायतकर्ता के साथ कथित मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बहेरापाली निवासी एक किसान ने सीसी रोड निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत कलेक्टर महासमुंद से की थी। शिकायत के आधार पर शुक्रवार 31 जुलाई 2026 को एसडीओ विनोद श्रीवास एवं जनपद पंचायत सरायपाली के इंजीनियर केशव सुमन ग्राम में जांच करने पहुंचे थे। इस दौरान सरपंच एवं सचिव भी मौके पर मौजूद थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच के दौरान गांव के सुरेश पटेल, गौरीशंकर पटेल और मुरलीधर पटेल वहां पहुंचे और उसे कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में शिकायतकर्ता की बाईं आंख के ऊपर, नाक और गर्दन में चोट आने की बात कही गई है।
बताया गया कि घटना के दौरान एसडीओ विनोद श्रीवास, इंजीनियर केशव सुमन, सरपंच पति समूल नाग और सचिव बृंदावन साहू मौके पर मौजूद थे। वहीं मनोज पटेल एवं उपसरपंच पति अभिषेक पटेल ने बीच-बचाव किया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





























