सांकरा:माजदा की टक्कर से कार ट्रक से भिड़ी, परिवार के पांच लोग घायल

सांकरा। थाना क्षेत्र के ग्राम बिजराभांठा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रविवार को हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब रायगढ़ निवासी परिवार चंडी माता मंदिर बागबाहरा में दर्शन कर वापस घर लौट रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायगढ़ के ढिमरापुर रोड जगतपुर स्थित लक्ष्मी हाइट्स के पीछे वार्ड क्रमांक 04 निवासी विक्रम साव अपनी पत्नी पुष्पा साव, माता राधा साव तथा दो बच्चों के साथ कार क्रमांक CG 13 UD 5163 से चंडी माता मंदिर बागबाहरा दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद दोपहर करीब 3 बजे परिवार रायगढ़ लौट रहा था। इसी दौरान एनएच-53 पर ग्राम बिजराभांठा के पास पीछे से आ रही माजदा वाहन क्रमांक CG 06 GY 3627 के चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर सामने चल रहे एक अज्ञात ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में विक्रम साव के नाक के पास, उनकी पत्नी पुष्पा साव के गले में, माता राधा साव के कमर एवं हाथ में, पुत्र अविष्कार के कान के पास तथा पुत्री आराध्या साव के हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
घटना के बाद डायल-112 की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राधा साव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर सांकरा पुलिस ने माजदा चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125(ए), 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































