सांकरा:गवाही देने से नाराज पिता-पुत्र ने ग्रामीण को पीटा जानिए मामला

सांकरा। ग्राम पेंड्रावन में सामाजिक बहिष्कार संबंधी शिकायत में गवाही देने को लेकर एक ग्रामीण के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच रिपोर्ट के आधार पर पिता-पुत्र के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पेंड्रावन निवासी सुशील डडसेना ने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पिथौरा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में बताया गया कि उसने गांव के रसपाल सिदार द्वारा सामाजिक बहिष्कार और जुर्माना मांगने संबंधी शिकायत में गवाह के रूप में बयान दिया था। इसी बात से नाराज होकर धनुर्जय नेटी 6 सितंबर को उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हाथ, लात व डंडे से मारपीट की। आरोप है कि उसने जान से मारने और नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी तथा मोटरसाइकिल का वाइजर तोड़ दिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक मारपीट में उसके गले और हाथ-बांह में चोट आई। वहीं 8 सितंबर को धनुर्जय के पिता कार्तिक राम नेटी द्वारा भी सामाजिक मामले में गवाही देने को लेकर उसे डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत की जांच के दौरान सुशील डडसेना और गवाह रसपाल सिदार के बयान लिए गए। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि पाए जाने पर थाना सांकरा में धनुर्जय नेटी और कार्तिक राम नेटी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 324(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।




























