सांकरा:हार्वेस्टर की लापरवाही बनी जानलेवा, पिकअप सवार युवक की मौत

सांकरा । पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत के मामले में हार्वेस्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि 5 मई 2026 की सुबह करीब 3:45 बजे बिजेपुर के पास हार्वेस्टर क्रमांक CG 04 LM 7983 का चालक बिहारी लाल साव (51 वर्ष), निवासी अरेकेल, थाना बसना तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इस दौरान उसने अपनी लेन छोड़कर सामने से आ रहे पिकअप वाहन CG 10 AZ 5346 को टक्कर मार दी।
हादसे में पिकअप में सवार साहिल नारंग (20 वर्ष), निवासी मानपुर, थाना पटेवा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
थाना सांकरा पुलिस ने पंचों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा विवेचना के आधार पर हार्वेस्टर चालक के विरुद्ध धारा 281 एवं 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।































