महासमुंद:10 रुपये के लेन-देन पर बवाल, दुकानदार दंपती से मारपीट

महासमुंद। शहर के शीतला पारा क्षेत्र में 10 रुपये के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि चार युवकों ने किराना दुकानदार से मारपीट कर उसकी दुकान में तोड़फोड़ की, जेब में रखे करीब 8 हजार रुपये लूट लिए और उसकी पत्नी का मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 15 शीतला पारा निवासी किराना व्यवसायी 27 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे अपनी पत्नी जागेश्वरी सिन्हा के साथ दुकान में ग्राहकों को सामान दे रहे थे। इसी दौरान संजू धीवर, पुरुषोत्तम धीवर, टेकेश्वर साहू और डोमन ध्रुव दुकान पहुंचे और पानी पाउच, डिस्पोजल सहित अन्य सामान खरीदा। सामान की कीमत 10 रुपये होने पर आरोपियों ने 5 रुपये का सिक्का दिया। शेष राशि मांगने पर चारों कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने दुकानदार से मारपीट की और दुकान के सामने लगे कांच के रैक में तोड़फोड़ कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची दुकानदार की पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। आरोप है कि इस दौरान दुकानदार की शर्ट की जेब में रखे करीब 8 हजार रुपये जबरन लूट लिए गए। पत्नी जब पुलिस को फोन लगाने लगी तो उसका मोबाइल भी छीनकर आरोपी फरार हो गए। झूमाझटकी के दौरान महिला का मंगलसूत्र भी टूटकर कहीं गिर गया।
मारपीट में दुकानदार के बाएं हाथ में चोट आई है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी लचकेरा ध्रुव और मनटोरा ध्रुव ने बीच-बचाव किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




























