बसना: शराब के नशे में दो भाइयों का उत्पात, युवक पर डंडे से हमला

बसना।गौरटेक गांव में आपसी विवाद के दौरान दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 29 जुलाई 2026 को वह अपने दोस्त अमन दास के साथ डिस्कवर मोटरसाइकिल से गांव की दुकान सामान लेने जा रहा था। महादेव निर्मलकर के घर के पास पहुंचने पर महादेव के पुत्र विनोद निर्मलकर और दिनेश निर्मलकर ने कथित रूप से शराब के नशे में मां-बहन की अश्लील गालियां दीं।
शिकायत के अनुसार, सामान लेकर लौटते समय दोनों आरोपियों ने फिर से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बांस के डंडे से हमला कर दिया। हमले में शिकायतकर्ता के सिर में चोट लगने से खून निकल आया तथा हाथ और दोनों पैरों में चोटें आईं। वहीं उसके साथी अमन दास के बाएं हाथ और पीठ में भी चोट लगी। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया।
घटना के दौरान ग्रामीण रामचरण दास ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने घटना की जानकारी अपने चाचा रोहित बरिहा और अमन दास के भाई मोहन दास को भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































