सारंगढ

मीटर अपडेट कराने के नाम पर ठगों ने लगाया लाखों का चूना

सारंगढ़। बिजली मीटर अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठगों ने एक किराना व्यवसायी को अपना शिकार बनाते हुए उसके बैंक खाते से 13 लाख 71 हजार 490 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। मामले में सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम साल्हे निवासी मदन लाल साहू ग्राम छिन्द में किराना एवं जनरल स्टोर्स का संचालन करते हैं। उनके फर्म के नाम से बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा सारंगढ़ में सीसी लिमिट लोन खाता संचालित है। 17 जून 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने उनकी पत्नी के नाम पर लगे बिजली मीटर को अपडेट कराने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने उनके ई-मेल पर एक लिंक/वेरिफिकेशन संदेश भेजा और उसे ओके करने के लिए कहा।
व्यापारी द्वारा बताए अनुसार जैसे ही उन्होंने ई-मेल में आए वेरिफिकेशन विकल्प को स्वीकार किया, उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शनों के माध्यम से रकम कटनी शुरू हो गई। 17 जून से 19 जून 2026 के बीच कुल 11 ट्रांजेक्शन के जरिए 13,71,490 रुपये खाते से निकाल लिए गए।
व्यवसायी ने बताया कि वे काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जिसके कारण उन्हें तत्काल धोखाधड़ी की जानकारी नहीं मिल सकी। 19 जून को खाते की जांच करने पर उन्हें ठगी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली सारंगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस साइबर ठगी में शामिल अज्ञात आरोपी की पहचान और रकम की ट्रैकिंग में जुटी हुई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बिजली बिल, मीटर अपडेट, केवाईसी अथवा बैंकिंग संबंधी किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या ई-मेल पर भरोसा न करें तथा किसी भी प्रकार का ओटीपी, पासवर्ड या वेरिफिकेशन अनुमति साझा न करें।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!