पटेवा:एडवांस मजदूरी के पैसे मांगने पर किसान से मारपीट, जान से मारने की धमकी

पटेवा। ग्राम मानपुर में एडवांस मजदूरी की रकम वापस मांगने को लेकर विवाद हो गया। पीड़ित मोरध्वज पटेल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-किसानी का कार्य करता है और उसने अपने मजदूर गोपाल विश्वकर्मा को आवश्यकता पड़ने पर 8 हजार रुपये एडवांस मजदूरी के रूप में दिए थे।
बताया गया कि रकम वापस मांगने पर गोपाल विश्वकर्मा के छोटे भाई अजय ने पैसे लौटाने के बाद गांव वालों के सामने पैसे मांगकर बेइज्जती करने की बात कहते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी। आरोप है कि अजय ने हाथ-मुक्कों तथा हाथ में पहने चूड़े से मारपीट की, जिससे मोरध्वज पटेल के सिर में चोट आई।
घटना के दौरान गांव के जितेंद्र ध्रुव ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।































