पटेवा : सड़क किनारे खड़ी कार को लेकर विवाद, तीन लोगों से मारपीट

महासमुंद/पटेवा। पटेवा शराब भट्ठी के सामने सड़क किनारे खराब कार खड़ी करने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अमन देवांगन, राहुल सिन्हा एवं अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए तीन लोगों के साथ हाथ-मुक्का और लोहे की पाइप से मारपीट की। घटना में तीनों को चोटें आई हैं।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार ग्राम जलकी निवासी मनोज कुमार मिर्धा (40) अपने दामाद अमर अजगल्ले, भतीजे संदीप मिर्धा और नारायण रात्रे के साथ 29 अगस्त को निजी काम से पटेवा आए थे। पटेवा शराब भट्ठी के सामने अमर की कार खराब हो गई, जिसके चलते उन्होंने कार को सड़क किनारे खड़ा कर मैकेनिक का इंतजार किया।
इसी दौरान देवांगन टेंट हाउस से जुड़े अमन देवांगन, राहुल सिन्हा और अन्य लोग छोटा हाथी वाहन से वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने सड़क पर कार खड़ी करने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने वाहन से उतरकर जान से मारने की धमकी दी और संदीप मिर्धा के साथ हाथ-मुक्का व लोहे की पाइप से मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे मनोज मिर्धा और नारायण रात्रे के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना में तीनों को चोटें आई हैं। मनोज मिर्धा ने थाना पटेवा में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।




























