कोमाखान:गली की लाइट बंद करने को लेकर विवाद, युवक व उसकी मां से मारपीट

कोमाखान। थाना कोमाखान क्षेत्र के ग्राम उखरा में गली की लाइट बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक और उसकी मां के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उखरा निवासी एक मजदूर युवक 8 जून 2026 की रात करीब 9 बजे कौशल पाड़े के घर के परछी में अपने बड़े भाई योगराम पाड़े और हीरालाल पाड़े के साथ बैठा था। इसी दौरान गांव के टार्जन ठाकुर और पेवन ठाकुर वहां पहुंचे और गली के खंभे में लगी लाइट बंद करने को कहा। बताया गया कि टार्जन ठाकुर ने स्वयं लाइट बंद कर दी, जिस पर युवक ने बाद में लाइट बंद करने की बात कही।
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पेवन ठाकुर ने युवक को अश्लील गालियां दीं और मारपीट पर उतारू हो गया। थोड़ी ही देर में ओंकार ठाकुर और जनार्दन ठाकुर भी वहां पहुंच गए। चारों आरोपियों ने मिलकर युवक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोप है कि ओंकार ठाकुर ने पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा।
शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची युवक की मां गोलाबाई पाड़े के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना में युवक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में तथा उसकी मां के कंधे, हाथ और पीठ में चोटें आई हैं।
घटना की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए बागबाहरा ले जाया गया। उपचार के बाद पीड़ित ने 9 जून को थाना कोमाखान पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपियों टार्जन ठाकुर, पेवन ठाकुर, ओंकार ठाकुर एवं जनार्दन ठाकुर के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




























