पटेवा:गुटखा खरीदने रुके फोटोग्राफर से मारपीट, सिर में चोट

पटेवा। ग्राम जोगीडीपा में गुटखा खरीदने के लिए चाय दुकान पर रुके एक फोटोग्राफर से दो युवकों द्वारा गाली-गलौज कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट में युवक के सिर में चोट लगने से खून निकल आया। घटना 1 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की बताई गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम लीलेशर निवासी युवक वर्तमान में जोगीडीपा में रहकर फोटोग्राफी का काम करता है। वह अपने साथी वजीर मिया के साथ मोटरसाइकिल से काम के सिलसिले में झलप जा रहा था। इसी दौरान दोनों महाकाल चाय दुकान, जोगीडीपा में गुटखा खरीदने के लिए रुके।
आरोप है कि वहां ग्राम जोगीडीपा निवासी जगत कुमार जांगड़े और यादराम साहू ने पैसों को लेकर विवाद करते हुए युवक से अश्लील गाली-गलौज की और हाथ-मुक्के से मारपीट की। आरोप के मुताबिक जगत कुमार जांगड़े ने हाथ में पहने चूड़े से भी मारपीट की, जिससे युवक के सिर में चोट लगने के कारण खून निकल आया।
घटना के दौरान साथ मौजूद वजीर मिया ने मारपीट होते देख बीच-बचाव किया। पीड़ित ने पटेवा थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




























